चौक बाजार, महराजगंज। दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज चौक बाजार में विश्वकर्मा जयंती की पूर्व संध्या पर भगवान विश्वकर्मा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा भगवान विश्वकर्मा की स्तुति में प्रस्तुत सुमधुर गीत से हुई। इसके बाद भगवान विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के शिक्षक बिनोद कुमार विमल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सनातन परंपरा में दिव्य वास्तुकार और निर्माण का देवता माना जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती श्रम, सृजन, तकनीकी कौशल और निर्माण से जुड़े लोगों के सम्मान का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान विश्वकर्मा के महत्व और उनके प्रति आस्था से जुड़ी मान्यताओं की जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शिल्पी, कारीगर, इंजीनियर, मजदूर और तकनीकी कार्यों से जुड़े लोग अपने श्रम और कौशल का सम्मान करते हैं। इस अवसर पर औजारों, मशीनों, वाहनों तथा कार्यस्थलों की पूजा की परंपरा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, कौशल और रचनात्मकता के महत्व के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









