सिसवा को तहसील बनाने की मांग ने फिर पकड़ा जोर: एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने रक्त से मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

​महाराजगंज| सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर आंदोलन एक बार फिर उग्र रूप लेने लगा है। शुक्रवार को नगर पालिका के मेन मार्केट स्थित बनारसी कटरा में व्यापारियों की मौजूदगी में एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने रक्तदान कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पत्र लिखा और सिसवा को शीघ्र तहसील घोषित करने की पुरजोर मांग की।

​समारोह के दौरान राजन विश्वकर्मा ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि जब तक सिसवा को तहसील का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक यह मुहिम रुकने वाली नहीं है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार का ध्यान इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित करने के लिए वे हर तीन महीने पर मुख्यमंत्री को अपने रक्त से पत्र भेजेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष का मुद्दा नहीं, बल्कि सिसवा क्षेत्र की एक बड़ी आबादी की सुविधा और विकास से जुड़ी बेहद जरूरी मांग है।

​ऐतिहासिक संदर्भ का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि सिसवा को तहसील बनाने की मांग दशकों से लंबित है। वर्ष 2010 में नई तहसीलों के गठन हेतु गठित समिति की रिपोर्ट में भी सिसवा का नाम प्रमुखता से शामिल था। इसके बाद खड्डा और कप्तानगंज को तो तहसील का दर्जा दे दिया गया, लेकिन सिसवा की जायज मांग को अब तक अनदेखा किया जाता रहा है।​ राजन विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री से जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए सिसवा को अविलंब तहसील घोषित करने की अपील की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]