सिन्दुरिया पुलिस ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिन्दुरिया की साइबर टीम ने थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी के नेतृत्व में सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज, कसमरिया में साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

अभियान के दौरान साइबर टीम ने बताया कि आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल बढ़ने के साथ ही साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर या जरूरी जानकारी हासिल कर उनके साथ धोखाधड़ी करते हैं। इससे बचने के लिए जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

टीम ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को इन्वेस्टमेंट और क्रिप्टो स्कैम, फर्जी कस्टमर सपोर्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और कॉल, ओटीपी के दुरुपयोग, बैंकिंग फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और फोन या मैसेज के माध्यम से मांगी गई ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें।

साइबर टीम ने ऑनलाइन भुगतान करते समय विशेष सावधानी बरतने, किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड न करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की सलाह दी।

इसके अलावा, साइबर अपराध का शिकार होने पर जल्द से जल्द शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]