पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। शुक्रवार को चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के काटा गांव में खान-पान की दुकान पर सामान लेने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जितना इलाज जारी है

जानकारी के अनुसार, काटा गांव में एक खान-पान की दुकान पर सामान लेने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिसमें सात लोग घायल हो गए।
मारपीट की घटना में एक पक्ष के प्रदुम यादव, किशन, अंकित और विकास घायल हो गए। वहीं, दुकानदार पक्ष के तीन सगे भाई मनीष, अशोक और अनिल भी मारपीट में घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों और घायलों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर चर्चा बनी हुई है।
अशोक कुमार जायसवाल









