महराजगंज। साइबर अपराधों से बचाव और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी (साइबर क्राइम थाना) एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल श्यामदेउरवा की संयुक्त टीम ने श्रीमती अनारकली देवी कन्या इंटर कॉलेज, राजपुर, श्यामदेउरवा में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों को वर्तमान समय में सामने आ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड और डिजिटल खतरों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी KYC अपडेट के नाम पर लोगों से जानकारी हासिल करने के साथ ही अनजान APK फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसलिए किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।
छात्राओं को ऑनलाइन जॉब, वर्क फ्रॉम होम, पार्ट टाइम नौकरी, तत्काल लोन और लॉटरी अथवा इनाम के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति भी सतर्क किया गया। इसके अलावा फर्जी अधिकारी या परिचित बनकर OTP मांगने वाले लोगों से सावधान रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने को कहा गया।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम पर आने वाले संदिग्ध लिंक व फाइलों पर क्लिक न करने की सलाह दी। साथ ही बताया गया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।









