महराजगंज। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना निचलौल परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र के मूर्ति आयोजकों, पूजा समिति के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी आयोजकों एवं नागरिकों से अपील की कि दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं की पुष्टि किए बिना उन्हें आगे साझा न करने की अपील की गई।
पुलिस ने पूजा पंडालों के निर्माण में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विद्युत कनेक्शन एवं वायरिंग में सावधानी बरतने के साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के प्रयोग के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा गया।
मूर्ति विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूस के लिए निर्धारित मार्ग, नियम और प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजकों को अपने स्तर से सतर्क वॉलंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में मौजूद लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।









