सहारनपुर। सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र में 10 लाख 10 हजार रुपये की लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस की जांच में लूट की कहानी फर्जी निकली। पुलिस के मुताबिक, कर्ज में डूबे युवक ने कथित तौर पर लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। जांच के दौरान पूरी रकम उसकी गाड़ी से ही बरामद हो गई।
एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे डायल 112 पर सूचना दी गई कि रायपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर चार लोगों ने दीपक सैनी की गाड़ी रोककर उसके साथ मारपीट की और 10 लाख 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने दीपक सैनी से पूछताछ की तो पता चला कि वह निजी एटीएम संचालित करता है। कथित लूट की रकम को लेकर जब गहनता से जांच की गई, तो पूरी धनराशि उसकी गाड़ी से बरामद हो गई। इसके बाद लूट की सूचना पर संदेह गहरा गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दीपक ने स्वीकार किया कि उस पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस का दावा है कि कर्ज और रकम के हिसाब-किताब से जुड़ी परिस्थितियों के चलते उसने लूट की झूठी कहानी रची और डायल 112 पर सूचना दे दी।
फिलहाल, पुलिस झूठी सूचना देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने और अन्य कानूनी कार्रवाई में जुटी है। जांच में लूट की पुष्टि नहीं हुई है और कथित तौर पर लूटी गई बताई गई पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
रिपोर्ट: नीरज जोय, सहारनपुर।









