गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए गाजीपुर में अनूठी पहल की गई। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने डीएवी की कक्षा आठ की छात्रा मंजली गुप्ता को एक दिन का सांसद बनाया। इस दौरान छात्रा ने जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों से बातचीत की।
छावनी लाइन स्थित राज्यसभा सांसद के कार्यालय में मंजली गुप्ता ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से भी बातचीत की। इस तरह छात्रा ने एक दिन के लिए सांसद की जिम्मेदारी निभाते हुए जनसेवा के कार्यों का अनुभव प्राप्त किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने मंजली गुप्ता को माला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें जनप्रतिनिधित्व की जिम्मेदारियों से परिचित कराना है।
मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई इस पहल से छात्राओं को आगे बढ़ने और समाज में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
रिपोर्ट: प्रदीप शर्मा, गाजीपुर।









