सहारनपुर में मिशन शक्ति फेज-6.0 की शुरुआत, महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति करेगी जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सहारनपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर सहारनपुर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान की शुरुआत की है। सोमवार को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। जिलाधिकारी अरविंद सिंह चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया।

पैदल मार्च में महिला पुलिसकर्मियों, विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों और छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मिशन शक्ति की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देंगी।

पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करने के साथ उन्हें अपनी समस्याओं और अपराधों की शिकायत बिना किसी झिझक के दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]