
कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखीमपुर खीरी, पलिया, सीतापुर समेत पूरे प्रदेश में बाढ़ और नदी कटान से प्रभावित किसानों के नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। किसानों को मुआवजा देने का वादा करते हुए उन्होंने इसे पार्टी की प्राथमिकता बताया।
अखिलेश यादव ने लखनऊ के फैजुल्लागंज में जलभराव की समस्या को लेकर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा। शिक्षा के मुद्दे पर भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि लोग शिक्षित होकर सवाल उठाएं।
उन्होंने लोकतंत्र पर खतरा होने की बात कहते हुए भाजपा पर निशाना साधा। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।









