इटावा में डीएम कार्यालय के बाहर युवक का आत्मदाह का प्रयास, रंगदारी और जमीन बेचने के दबाव का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इटावा। डीएम कार्यालय के बाहर सोमवार दोपहर एक युवक ने डाई पीकर और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बचाकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस युवक को डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज जारी है।

युवक की पहचान नौरंगाबाद निवासी सावन वाल्मीकि, पुत्र सुरेश बाबू, के रूप में हुई है। परिजनों ने मोहल्ले के कुछ नामजद लोगों पर रंगदारी मांगने और जमीन बेचने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

सावन की पत्नी ज्योति के मुताबिक, छह अक्टूबर को रंगदारी नहीं देने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी। उन्होंने कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसएसपी से भी न्याय की गुहार लगाई गई। पत्नी का आरोप है कि सुनवाई नहीं होने और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उनके पति ने यह कदम उठाया।

अस्पताल के ईएमटी डॉ. शिवम राजपूत ने बताया कि युवक को कचहरी परिसर से अस्पताल लाया गया था। परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उसने डाई पीने के साथ ज्वलनशील पदार्थ भी डाला था। फिलहाल उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]