महराजगंज। जनपद की सभी चार तहसीलों—महराजगंज सदर, निचलौल, फरेंदा एवं नौतनवा में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संबंधित उप जिलाधिकारी (SDM) एवं क्षेत्राधिकारी (CO) ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से आमजन की शिकायतें सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, रास्ते, कब्जे सहित अन्य समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके पर आवश्यक जांच कर वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के प्रति अपनी प्राथमिकता और जवाबदेही दोहराई।









