सोशल मीडिया पर 63 वर्षीय सफाईकर्मी की कहानी चर्चा में है| दावा है कि साधारण जीवनशैली और लंबे निवेश से उसने करोड़ों की संपत्ति जुटाई|
30 साल तक एक ही ऑफिस में किया काम
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल पोस्ट में एंटोनियो नाम के एक सफाईकर्मी के बारे में बेहद दिलचस्प बात सामने आई है| पोस्ट के मुताबिक, 63 वर्षीय एंटोनियो ने करीब 30 साल तक एक ही कार्यालय में काम किया| इस दौरान उन्होंने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा बचाने पर ध्यान दिया| बताया गया कि वह पुरानी कार से काम पर जाते थे, घर से कॉफी लेकर आते थे और गैरजरूरी खर्चों से बचते थे| उनकी पत्नी ने भी बचत में साथ दिया| दोनों ने अपनी आय के अनुसार संपत्ति खरीदी और समय के साथ निवेश बढ़ाया| हालांकि, वायरल पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना जरूरी है|
दो अपार्टमेंट से हर महीने किराये की कमाई
वायरल पोस्ट के अनुसार, एंटोनियो जिस घर में रहते थे, उस पर कोई कर्ज नहीं था| इसके अलावा, उन्होंने 1996 और 2001 में दो छोटे अपार्टमेंट खरीदे थे| इन संपत्तियों को किराये पर दिया गया था, जिनसे हर महीने करीब 1,300 यूरो की आमदनी होने का दावा किया गया है| भारतीय मुद्रा में यह रकम एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है| पोस्ट में यह भी कहा गया कि एंटोनियो दो दशक से ज्यादा समय से अपनी बचत का कुछ हिस्सा निवेश करते आ रहे थे| उनकी संपत्तियों और निवेश का कुल मूल्य लगभग 6.5 लाख यूरो यानी करीब 7 करोड़ रुपये बताया गया है|
CEO से ज्यादा बताई गई नेटवर्थ
पोस्ट में एंटोनियो की संपत्ति की तुलना कंपनी के CEO से भी की गई है| दावे के मुताबिक, CEO को सालाना करीब 1.9 करोड़ रुपये वेतन मिलता था और उनके पास महंगी कारें व बड़ी संपत्तियां थीं| हालांकि, उन पर कर्ज भी काफी था| पोस्ट में CEO की कुल नेटवर्थ लगभग 3 लाख यूरो यानी करीब 3.2 करोड़ रुपये बताई गई है| इस हिसाब से एंटोनियो की कथित नेटवर्थ CEO से दोगुने से भी अधिक थी|









