मिशन शक्ति 6.0 के तहत छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन, साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर गुरुवार को मिशन शक्ति फेज-6 के तहत लाल बहादुर शास्त्री विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को करियर मार्गदर्शन, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सीओ चारु द्विवेदी ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार करियर चुनने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न कोचिंग संस्थानों के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार की निशुल्क अभ्युदय कोचिंग योजना की जानकारी देकर विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया गया।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस मुख्यालय लखनऊ से लाइव प्रसारण भी किया गया। इसमें साइबर विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचने, व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने और इंटरनेट का सतर्कता से इस्तेमाल करने के उपाय बताए।

इसके अलावा छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सीओ चारु द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे कार्यक्रम जागरूकता बढ़ाने के साथ छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता विकसित करने में सहायक हैं।

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]