पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को नगर के देवी मंदिरों में मां स्कंदमाता की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नगर के रवि नगर स्थित काली माता मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी और कमल का फूल अर्पित कर मां का आशीर्वाद लिया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने दर्शन-पूजन कर परिवार के कल्याण की प्रार्थना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंदमाता भगवान कार्तिकेय की माता हैं। उनकी पूजा से सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होने की मान्यता है। नवरात्र के पांचवें दिन भक्त मां को केला, पीले फल और मिठाइयों का भोग लगाते हैं।
नवरात्र के चलते पूरे नगर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना कर रहे हैं और परिवार की खुशहाली तथा जीवन में सुख-शांति के लिए माता रानी से आशीर्वाद मांग रहे हैं।
अशोक कुमार जायसवाल









