बहराइच। कोतवाली नानपारा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ककरहा-बोधवा नहर के पास हुआ, जहां अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, ककरहा गांव निवासी 20 वर्षीय अनुज और 25 वर्षीय प्रमोद रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। बताया गया कि अनुज अपने पिता को लखनऊ से लौटने के बाद नानपारा रोडवेज से लेने गया था। हालांकि, उसके पिता किसी अन्य वाहन से घर पहुंच गए। इसके बाद अनुज और प्रमोद बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान ककरहा-बोधवा नहर के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे एक चार पहिया वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।









