बहराइच। रिसिया थाना क्षेत्र के शाहनवाजपुर गांव में सांप पकड़ने के दौरान एक युवक को जहरीले सांप ने डस लिया। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सांप की पहचान के लिए उसे डिब्बे में बंद करके अस्पताल लाया गया।
जानकारी के अनुसार, राम कुमार सांप पकड़ने का काम करते हैं। शनिवार सुबह उन्हें शाहनवाजपुर गांव में सांप निकलने की सूचना मिली थी। वह मौके पर पहुंचे और सांप को रेस्क्यू कर अपने घर ले आए। इसके बाद सांप को एक डिब्बे में बंद कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी की जा रही थी।
इसी दौरान अचानक सांप ने राम कुमार की उंगली में काट लिया। उनके मित्र विजेंद्र कुमार के अनुसार, सांप कोबरा बताया जा रहा है। घटना के बाद राम कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। साथ ही जिस सांप ने उन्हें काटा था, उसे भी डिब्बे में बंद करके अस्पताल लाया गया, ताकि चिकित्सकों को सांप की पहचान करने में मदद मिल सके और उपचार में सुविधा हो।
परिजनों और परिचितों के अनुसार राम कुमार की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।









