विकास खंड निचलौल क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरी से भोथियाही-गुरली को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उभरे पत्थरों के कारण ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
यह मुख्य मार्ग क्षेत्रीय आवागमन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से होकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल-कॉलेज पढ़ने के लिए जाते हैं। इसके अलावा, स्थानीय लोग और राहगीर इसी मार्ग से कटहरी गांव के साथ-साथ कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र के लिए भी यात्रा करते हैं।

सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि साइकिल, बाइक और चार पहिया वाहन चालकों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों और नुकीले पत्थरों की वजह से गाड़ियां आए दिन पंचर हो जाती हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय राहगीर गौरव दुबे ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया, “सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुशीनगर के खड्डा और कटहरी जाने का यह प्रमुख रास्ता है, लेकिन गड्डों की वजह से यहां से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। रात के समय स्थिति और भी जानलेवा हो जाती है।”









