महराजगंज में एसपी ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से की मुलाकात, जनहित की सही जानकारी साझा करने पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। रविवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रिजर्व पुलिस लाइन, महराजगंज में जिले के सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ बैठक कर संवाद किया। बैठक में जनहित से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने, जागरूकता बढ़ाने और पुलिस की सकारात्मक गतिविधियों को प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।

एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि सोशल मीडिया आज लोगों तक सूचना पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इसके जिम्मेदार और सही इस्तेमाल से समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और जनता के बीच संवाद को भी मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने इंफ्लूएंसर्स से अपील की कि सोशल मीडिया पर केवल सत्यापित और जनहित से जुड़ी जानकारी ही साझा करें। गलत या भ्रामक सूचनाओं को बढ़ावा देने से बचने और लोगों को जागरूक करने में सकारात्मक भूमिका निभाने पर उन्होंने जोर दिया।

बैठक के दौरान पुलिस की जनहितकारी गतिविधियों, जागरूकता अभियानों और सकारात्मक पुलिसिंग से जुड़ी जानकारी को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ सहित जिले के कई सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]