संभल में कबाड़ और रद्दी के गोदाम में भीषण आग, 10 लाख का नुकसान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो दमकल गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, आग लगने के कारणों की जांच शुरू

संभल। जिले के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में जारई गेट स्थित माल गोदाम रोड पर देर रात कबाड़ और रद्दी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, जारई गेट माल गोदाम रोड पर आखिल कुरैशी उर्फ राजा कुरैशी का कबाड़ और रद्दी का गोदाम है, जो करीब आठ वर्षों से संचालित है। देर रात अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

अग्निशमन विभाग को रात 1:08 बजे आग लगने की सूचना मिली। पहली दमकल गाड़ी करीब 1:20 बजे मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दूसरी गाड़ी भी बुलाई गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को आसपास फैलने से रोका।

बताया जा रहा है कि गोदाम में बिजली का कनेक्शन नहीं है। ऐसे में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहा है।

करीब छह महीने पहले भी पास के एक गोदाम में आग लगी थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता है। मौके पर चंदौसी पुलिस भी पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

 

रिपोर्टर- सतीश सिंह

और पढ़ें

[the_ad id="164"]