मैनपुरी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने और मथुरा स्थित 13.37 एकड़ भूमि को श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास को सौंपने की मांग को लेकर विश्व हिंदू महासंघ की मैनपुरी इकाई ने जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि गोरक्षपीठ के आशीर्वाद से संचालित विश्व हिंदू महासंघ के धर्माचार्य अध्यक्ष डॉ. हरिओम पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति के निर्देश पर प्रदेशभर में अभियान चलाया गया। संगठन के अनुसार राष्ट्र संत अवैद्यनाथ की पुण्यतिथि के अवसर पर निकाली गई शोभायात्राओं के माध्यम से अभियान के लिए जनसमर्थन जुटाया गया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने ऐतिहासिक संदर्भों का हवाला देते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर की संपूर्ण भूमि को मंदिर के लिए उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही 12 अक्टूबर 1968 को हुई भूमि संबंधी व्यवस्था को निरस्त करने और पूजा स्थल अधिनियम, 1991 को अमान्य घोषित किए जाने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।
संगठन ने केंद्र और प्रदेश सरकार से 13.37 एकड़ भूमि को श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के नाम दर्ज कराकर वहां भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने की अपील की। इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ के महानगर अध्यक्ष (आगरा) एवं मैनपुरी जिला प्रभारी नीरज भारद्वाज, जिलाध्यक्ष गोलू राठौर समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









