आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ाने की उठाई मांग।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर न्यूनतम ₹18 हजार मानदेय किए जाने की मांग

शाहजहांपुर। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश की शाहजहांपुर शाखा ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा है। संगठन ने मांग की है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को संविदा परिषद के मानक के अनुसार न्यूनतम ₹18,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाए।

ज्ञापन में संगठन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं बाल विकास एवं पोषण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान दे रही हैं। इसके बावजूद मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष और निराशा है।

ज्ञापन में शासनादेश का हवाला देते हुए कहा गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹15,000 तथा सहायिकाओं का ₹12,000 किया गया है। वहीं प्रोत्साहन राशि (P.L.I.) के रूप में कार्यकत्रियों को ₹2,500 और सहायिकाओं को ₹1,250 दिए जाने का उल्लेख है। संगठन का कहना है कि इससे मूल मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो सकी है।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण ट्रैकर के संचालन में आ रही तकनीकी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की समस्या के कारण कार्य प्रभावित होता है। खराब मोबाइल तथा मोबाइल उपलब्ध न होने की समस्या से भी कई कार्यकत्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन ने जनपद में मोबाइल रिचार्ज का बकाया भुगतान शीघ्र कराने तथा विभिन्न परियोजनाओं में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की लंबित प्रोत्साहन राशि (P.L.I.) का भुगतान तत्काल कराने की मांग की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]