मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के घनी आबादी वाले मोहल्ला छप्पटी में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कई दिनों से हो रही धीमी-धीमी बारिश के चलते एक दो मंजिला पुराना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे के मलबे में दबकर परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और अपनी जान पर खेलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के जर्जर मकानों को खाली कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार हो रही रिमझिम बारिश के कारण मकान की दीवारों में सीलन आ गई थी और नींव कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को सील कर दिया है और प्रशासनिक मदद की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मैनपुरी ब्रेकिंग
रिपोर्ट ब्रह्मेश कुमार









