देवरिया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के पिता स्व. राजेंद्र किशोर शाही की श्रद्धांजलि सभा में शुक्रवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे। उन्होंने स्व. राजेंद्र किशोर शाही और उनकी पत्नी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान और स्मृतियों को नमन किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने युवाओं से माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनकी स्मृतियों को सदैव अपने मन में बनाए रखने की अपील की।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजेंद्र किशोर शाही ने भारत माता के ध्वज को ऊंचा करने के साथ ही साहित्य और वकालत के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कृषि मंत्री द्वारा अपने माता-पिता की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने के प्रयास की सराहना की।
चिकित्सा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 तक प्रदेश में महज 17 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ उनके वेतन और सुविधाओं में भी वृद्धि की गई है। रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, सपा पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया जनता को दिग्भ्रमित करने का काम करते हैं। जनता सपा शासन की कथित गुंडागर्दी और अराजकता को नहीं भूली है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी।









