राहुल गांधी पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने दी तहरीर
तरया सुजान। थाना क्षेत्र के अहिरौलीदान गांव निवासी एक युवक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगा है। माम
मामले में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तरया सुजान थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार अहिरौलीदान निवासी अशोक कुमार सिंह के फेसबुक अकाउंट के माध्यम से राहुल गांधी के डीएनए को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। कांग्रेस
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पोस्ट में हिंदू, पारसी, मुस्लिम और ब्रिटिश जैसे शब्दों का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की गई, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने तहरीर में आरोप लगाया है कि संबंधित युवक द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही है। उनका कहना है कि इस तरह की पोस्ट सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने से सामाजिक एवं राजनीतिक माहौल प्रभावित हो सकता है।
तहरीर में कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई है कि कथित आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कराने तथा संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई करने की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन किसी व्यक्ति या समुदाय को लेकर अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी से सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए ऐसे मामलों में पुलिस को तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
तहरीर में कांग्रेस कमेटी से जुड़े कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। अब पुलिस द्वारा मामले की जांच और सोशल मीडिया पर किए गए कथित पोस्ट की सत्यता की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।









