बिजनौर। चांदपुर थाना क्षेत्र में शराब की दुकान के पास बुधवार देर रात हुए विवाद के बाद ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जमालदीपुर निवासी उदयवीर, बाबू और महेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद तीनों को जानबूझकर ट्रैक्टर से कुचला गया।
बताया गया कि दत्तियाना और जमालदीपुर गांव के बीच शराब की दुकान के पास दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान ट्रैक्टर वहां पहुंचा और उदयवीर, बाबू व महेंद्र उसकी चपेट में आ गए। तीनों को गंभीर हालत में सीएचसी स्याउ ले जाया गया, जहां उदयवीर और बाबू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महेंद्र को बिजनौर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना में ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र भी घायल हुआ है। उसका कहना है कि वह ट्रैक्टर की सर्विस कराकर जा रहा था और किसी ने उस पर पत्थर फेंका, जिसके बाद उसे आगे की घटना की जानकारी नहीं है।
घटना के बाद परिजनों ने हल्दौर चौराहे पर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी व बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।









