महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में विकास कार्यों को गति देने के क्रम में वार्ड नंबर 8 और 16 में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने विधि-विधान से मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस दौरान संबंधित वार्डों के सभासद, स्थानीय नागरिक और नगर पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे। नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड को गड्ढामुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाना प्राथमिकता है। वार्ड 8 और 16 के लोगों द्वारा लंबे समय से सीसी रोड निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और जल्द ही सड़क का निर्माण पूरा कराया जाएगा। सीसी रोड और नाली बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सभासद चंद्रशेखर यादव, शिव प्रसाद चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक चौधरी, राजन चौरसिया, अनिल मणि, तौलन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।









