निश्चित मानदेय और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग, 18 सितंबर को आशा कार्यकत्रियों का धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। आशा कार्यकत्री संगठन की जिला अध्यक्ष जमीरउन्नीसा ने बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से आशा कार्यकत्रियों एवं आशा संगिनियों के लिए निश्चित मानदेय निर्धारित करने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की गई।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि आशा कार्यकत्रियां स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी आशा कार्यकत्रियों ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कार्य किया। इसके अलावा शिशु एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का नियमित टीकाकरण कराने तथा गर्भवती और धात्री महिलाओं की नियमित देखभाल में भी उनका अहम योगदान है।

संगठन का आरोप है कि लगातार जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें मिलने वाली प्रोत्साहन धनराशि में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है। इससे आशा कार्यकत्रियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर 18 सितंबर 2026, शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन एवं रैली आयोजित की जाएगी। संगठन ने प्रशासन से कार्यक्रम में सहयोग करने और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपील की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]