कप्तानगंज के एक गांव का मामला, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया केस
कप्तानगंज। कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुम्हावोर गांव में एक महिला ने गांव के ही युवक पर रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार करने, मोबाइल नंबर मांगने और विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट व छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार पीड़िता महिला का आरोप है कि वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ गांव में रहती है, जबकि उसका पति बाहर रहकर रोजगार करता है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक पहले भी उसका रास्ता रोककर अभद्र बातें करता था और मोबाइल नंबर मांगता था। इस संबंध में महिला ने आरोपी के घर जाकर उसके परिजनों से शिकायत की थी। आरोप है कि परिजनों ने युवक को डांट दिया, जिससे वह नाराज हो गया।
महिला के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और घर में घुसकर उसके साथ अभद्रता व छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जमीन पर गिराकर पीटा गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग गया।
महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक घटना की सूचना 9 सितंबर को दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 352, 74 और 333 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उक्त मामले के विवेचक विवेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, आरोपियों की तलाश की जा रही है









