मैनपुरी। जिले के औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम ईसई सराय में खेत पर कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंची राजस्व टीम के सामने दबंगों द्वारा किसान पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने किसान को लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटा। बचाने पहुंचे ग्रामीणों पर फायरिंग भी की गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, खेत पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर एसडीएम के निर्देश पर कानूनगो सहित राजस्व विभाग की टीम जांच करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने किसान पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने किसान की जमकर पिटाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों पर भी फायरिंग की गई।

अचानक हुई मारपीट और फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। राजस्व टीम को भी जान बचाकर भागना पड़ा। घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पीड़ित ने गांव के योगेंद्र यादव, रामू, राजेंद्र, सोहिल और आशु पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने के बाद औंछा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संवाददाता- सत्येंद्र कुमार, मैनपुरी









