पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। बारिश और तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच क्षेत्र में मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय में इन दिनों सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और चर्म रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। अस्पताल में विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और त्वचा संबंधी समस्याओं वाले मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि मौसम में बदलाव और बारिश का स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को बारिश में भीगने से बचने और भीगे कपड़ों में अधिक देर तक नहीं रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बारिश के दौरान जरूरी होने पर छाता या रेनकोट का इस्तेमाल करें और बिजली गिरने की आशंका में खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें। साथ ही साफ पानी पीने, ताजा भोजन करने और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की। वायरल के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने की भी सलाह दी गई।









