पटना में बारिश के बीच एक अपार्टमेंट के बेसमेंट में घुसकर पार्षद पति अनिल कुमार यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बाइक सवार तीन हमलावर बेसमेंट में पहुंचे। दो हमलावरों ने पिस्टल निकालकर अनिल कुमार पर गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद पैदल बाहर निकले। इसके बाद तीनों बाइक से फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की है। बारिश के बीच तीन अपराधी बाइक से अपार्टमेंट के बेसमेंट में दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि उस वक्त अनिल कुमार यादव अपने कार्यालय में समर्थकों के साथ बैठे थे। उनका गार्ड बृजमोहन पांडे भी बेसमेंट में मौजूद था, लेकिन उस समय उसके पास राइफल नहीं थी।
बाइक से पहुंचे तीनों हमलावरों में दो ने हेलमेट और एक ने टोपी पहन रखी थी। बाइक अनिल कुमार के पास रुकते ही दो हमलावरों ने पिस्टल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने के बाद अनिल कुमार जमीन पर गिर पड़े।
फायरिंग के बाद दो हमलावर पैदल बेसमेंट से बाहर निकले, जबकि बाइक सवार कुछ दूरी तक बाइक लेकर आगे बढ़ा। बेसमेंट से बाहर निकलने के बाद दोनों हमलावर फिर बाइक पर सवार हुए और तीनों फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि हमलावरों के भागने के दौरान गार्ड बृजमोहन पांडे ने उन पर कुर्सी भी फेंकी, ताकि उन्हें रोका जा सके। आरोप है कि हमलावरों ने वहां भी फायरिंग की और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आपसी रंजिश समेत तमाम बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद देर रात नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अस्पताल पहुंचे और घायल अनिल कुमार यादव से मुलाकात की। तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि एक जाति विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए।
पटना में बारिश के बीच बेसमेंट में घुसकर की गई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती तीनों हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की है। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है।
रिपोर्ट : रमण कुमार
पटना









