कन्नौज। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को कन्नौज जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलेगी। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
जिले में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 1820 और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 7831 मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार कुल 9651 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आठ और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 12 बूथ बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर पोलिंग पार्टियों और चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और मतदान प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में निष्पक्षता और शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सभी मतदान बूथों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि चुनाव बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
रिपोर्टर- विवेक दीक्षित









