मेरठ। आबूलेन चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर कैंटोनमेंट अस्पताल के सामने सड़क हादसे में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक की टक्कर लगने के बाद बुजुर्ग सड़क पर काफी देर तक तड़पते रहे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों पर घायल बुजुर्ग की तत्काल मदद नहीं करने के आरोप लगे हैं। वहीं, पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम के मौके पर पहुंचने में देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बुजुर्ग को ई-रिक्शा के जरिए उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में बुजुर्ग के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
सदर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और बाइक सवार की भूमिका की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: उज्ज्वल रस्तौगी,









