पटना अनिल यादव गोलीकांड का खुलासा, चुनावी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी के मुताबिक, वार्ड पार्षद के चुनाव को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते अनिल यादव को निशाना बनाया गया था।

पुलिस जांच के अनुसार, अनिल यादव और शंकर राय एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और दोनों के बीच वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में शंकर राय ने राहुल साहनी से संपर्क किया। आरोप है कि राहुल साहनी ने अनिल यादव की हत्या की साजिश रची और शूटरों को वारदात के लिए भेजा।

पुलिस के मुताबिक, एक शूटर बाइक से मौके पर पहुंचा, जबकि दो अन्य शूटरों को राहुल साहनी के स्टाफ चंदन ने ऑटो से मंदिर के पास तक पहुंचाया। ऑटो चालक शम्भू ने दोनों को वहां उतारा, जिसके बाद वे पैदल जाकर चोरी की बाइक से घटनास्थल तक पहुंचे।

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक कट्टा और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है। अन्य शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

जांच में पुलिस ने राहुल साहनी उर्फ नीरज का आपराधिक इतिहास भी सामने आने की बात कही है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आठ से अधिक मामले दर्ज हैं और वह वर्ष 2012 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। वहीं, उसके स्टाफ चंदन के खिलाफ भी सात मामले दर्ज बताए गए हैं।

रिपोर्ट: रमण कुमार, पटना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]