रायबरेली। हरचंदपुर और बछरावां थाना क्षेत्र की सीमा पर सेरी गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में बस NHAI का पोल तोड़ते हुए काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी की जान नहीं गई।
बताया गया कि डबल डेकर बस दिल्ली से मुसाफिरखाना, अमेठी जा रही थी। सेरी गांव के पास चालक दूसरी बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के समय बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार बताए गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर हरचंदपुर और बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई।









