महराजगंज। नगर के सक्सेना नगर चौराहे पर बुधवार को यातायात पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यातायात प्रभारी गुड्डू प्रभाकर ने नाबालिग वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी और उन्हें वाहन चलाने से होने वाले जोखिमों के प्रति जागरूक किया।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान भी किए गए। यातायात प्रभारी ने विशेष रूप से नाबालिगों के अभिभावकों से फोन पर बातचीत कर उन्हें जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल या बाजार भेजते समय यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें और दोपहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग जरूर कराएं।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और स्वयं भी हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा।









