महराजगंज नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक कल्याण का संदेश दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्गा मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से महायज्ञ और हवन-पूजन संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया। उन्होंने क्षेत्र में सुख–शांति, समृद्धि और सभी नागरिकों के कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। इनमें प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, रेवेन्यू इंस्पेक्टर आशीष यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर इंद्रेश कुमार, सफाई लिपिक उमाशंकर और सफाई नायक इंद्राशन समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
महायज्ञ और हवन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने समाज की खुशहाली, क्षेत्र की उन्नति और जनहित की कामना की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहयोग, समर्पण और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।









