महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के चंडीथान स्थित एनएच-24 टोल प्लाजा के पास बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक मोटरसाइकिल पर केक रखकर सड़क के बीचोंबीच तलवार से केक काटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सड़क पर वाहनों को खड़ा कर यातायात भी प्रभावित करने का आरोप है।
वायरल वीडियो में युवकों का यह अंदाज राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए परेशानी तथा सुरक्षा से जुड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी व्यस्त सड़क पर वाहनों को रोककर इस तरह जन्मदिन मनाने और वीडियो बनाने को लेकर यातायात नियमों के पालन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो नौतनवा थाना क्षेत्र के चंडीथान एनएच-24 टोल प्लाजा के पास का है। हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता, वीडियो में शामिल लोगों की पहचान और घटना के समय की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चर्चा है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह हुड़दंग और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है। मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









