महराजगंज, नौतनवा। नौतनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम दशरथपुर में गुरुवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। नदी की बंजर सरकारी जमीन पर कथित रूप से किए जा रहे अवैध कब्जे को राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया गया। कार्रवाई के दौरान निर्माणाधीन मकान पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दशरथपुर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत ग्रामीणों द्वारा राजस्व विभाग से की गई थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। जांच और पैमाइश के दौरान संबंधित भूमि सरकारी नदी की बंजर जमीन के रूप में सामने आने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों और पुलिस बल की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की निगरानी में निर्माणाधीन मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही सरकारी नदी की करीब 0.016 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भी भीड़ जुट गई। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।









