महराजगंज: बैंक सखियों ने मानदेय बढ़ाने की उठाई मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत कार्यरत बैंक सखियों ने अपने मानदेय में बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपा। बैंक सखियों ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की।

बैंक सखियों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह केवल 5,000 रुपये मानदेय दिया जाता है। बैंक में ड्यूटी के दौरान उन्हें पहचान पत्र (आईकार्ड) भी उपलब्ध नहीं कराया जाता है, जबकि उनसे पूरा काम लिया जाता है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही महंगाई के दौर में 5,000 रुपये प्रतिमाह में परिवार का खर्च चलाना बेहद मुश्किल हो गया है।

बैंक सखियों ने मांग की कि उनके काम और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय बढ़ाकर 18,000 से 25,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके साथ ही बैंक ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र उपलब्ध कराने समेत उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

ज्ञापन में बैंक सखियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। जिलाधिकारी ने बैंक सखियों को आश्वासन दिया कि आपके पत्रक पर विचार किया जाएगा

इस दौरान रीता देवी, मंजू वर्मा, अंजू, कमलावती देवी, अंबिका देवी, संगीता, माया गुप्ता, मनसा देवी, सुनीता गुप्ता, सीमा, दुर्गावती, ललिता, पुष्पा कुशवाहा, नीतू उपाध्यक्ष, अनीता सिंह, रजनी, गुड़िया, संध्या देवी सहित बड़ी संख्या में बैंक सखियां मौजूद रहीं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]