महराजगंज। थाना चौक पुलिस ने घर का टिनशेड तोड़कर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राज कुमार (26) पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम खजुरिया, थाना चौक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी से संबंधित घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुएं और 190 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को ग्राम खजुरिया निवासी सहीबून निशा पत्नी इस्तफाक हुसैन ने थाना चौक में प्रार्थना-पत्र देकर शिकायत की थी कि 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि में अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का टिनशेड तोड़कर प्रेस, थर्मस, मिक्सर, तीन मोबाइल फोन, चावल से भरी बाल्टी, गुल्लक, एटीएम कार्ड, पासबुक में रखे 3,000 रुपये तथा अन्य सामान चोरी कर लिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और मुखबिर की सूचना के आधार पर राज कुमार की पहचान की गई। पुलिस टीम ने 8 अक्टूबर को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी से संबंधित सामान बरामद किया गया।
बरामद सामान में गीपास कंपनी की प्रेस, आरआर कंपनी का वाटर हीटर, बजाज मिक्सर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोटर, लगभग 15 किलोग्राम चावल, पांच फाइबर की थालियां, थर्मस, एचपी लैपटॉप चार्जर, बच्चों के खिलौने और 190 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त से संबंधित मामलों में थाना चौक में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।









