मथुरा में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि 20 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर हथियारबंद लोगों ने प्लॉट की बाउंड्री कर रहे लोगों पर फायरिंग कर दी। घटना हाईवे थाना क्षेत्र के बजाना गांव की है।

बताया जा रहा है कि प्लॉट की बाउंड्री का काम चल रहा था। इसी दौरान करीब 10 से 15 लोग तमंचे और पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ लोग ईंटों के पीछे छिपते नजर आए। घटना का 1 मिनट 19 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रार्थी दीपक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है।









