भोगांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर किसान की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी। भोगांव थाना क्षेत्र के गांव बिनोदपुर में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय किसान नीरज कुमार की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रेशर पाइप फटने के बाद मरम्मत करने उतरे किसान के ऊपर ढलान पर खड़ी ट्रॉली अचानक सरक गई, जिससे वह पहिये और ट्रॉली के बीच दब गए।

जानकारी के मुताबिक, नीरज कुमार पुत्र रामनरेश सक्सेना अपने भतीजे करन के साथ खेत में गोबर और घूरा डालने पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रॉली का प्रेशर पाइप फट गया। नीरज उसे ठीक करने के लिए नीचे उतरे, तभी ट्रॉली सरककर उनके ऊपर गिर गई।

हादसे के बाद भतीजे की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसान को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

नीरज की मौत से पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और गांव में शोक का माहौल है।


और पढ़ें

[the_ad id="164"]