बागपत। जनपद के कोतवाली क्षेत्र स्थित पड्डा गांव के इंटर कॉलेज में बुधवार को छात्रों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में तीन छात्र घायल हो गए। घटना के दौरान कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, निबाली गांव निवासी मोहित कक्षा 11 का छात्र है। चार दिन पहले रामलीला देखने के दौरान उसका कुछ छात्रों से विवाद हुआ था। आरोप है कि बुधवार को मोहित परीक्षा देने कॉलेज पहुंचा तो आठ से दस छात्रों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे छात्र विकूल को भी पीटकर घायल कर दिया गया। संघर्ष में दूसरे पक्ष का भी एक छात्र घायल हुआ है।

निबाली गांव के ग्राम प्रधान योगेंद्र धामा ने बताया कि मोहित उनके चाचा का बेटा है। आरोप लगाया कि हमलावर छात्रों ने लाठी-डंडों और तमंचे की बट से वार कर दोनों छात्रों को घायल किया।
ग्राम प्रधान ने कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो माहौल बिगड़ सकता है।
फिलहाल तीनों घायल छात्रों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।








