भारी बारिश के बीच मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबकर 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्रुखाबाद। जिले में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बीच नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनासी गांव में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर मकान मालिक 55 वर्षीय संदीप कुमार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

बताया गया कि लगातार बारिश के चलते मकान गिरने की आशंका को देखते हुए संदीप कुमार अपने भाई जगबीर सिंह गंगवार समेत परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ घर में रखा सामान बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान दीवार गिरने का आभास होते ही लोग बाहर की ओर भागे, लेकिन संदीप कुमार और उनके साथी दिनेश कुमार मलबे की चपेट में आ गए।

ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया। दिनेश कुमार का वहीं उपचार चल रहा है, जबकि संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नवाबगंज पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच-पड़ताल की। संदीप की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी ममता और 12 वर्षीय पुत्र समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]