रामकोला, कुशीनगर। एनएच-730 रामकोला-पडरौना मार्ग से इंद्रसेनवा, कुसुम्ही, पकड़ी बांगर होते हुए अमडरिया समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर इंद्रसेनवा गांव में ड्रेन के पास करीब दो मीटर तक सड़क की पटरी धंस गई है। सड़क के मोड़ और ड्रेन के किनारे बने गहरे गड्ढे से राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब एक माह पहले पुलिया के पास अचानक सड़क की पटरी धंस गई थी। इसकी जानकारी सभासद के माध्यम से नगर पंचायत को दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का दावा है कि इस दौरान कई राहगीर गड्ढे में गिरकर घायल हो चुके हैं।
हादसे की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर धंसे हिस्से को घेर दिया है। धनंजय विश्वकर्मा, संदीप, गिरिजेश, गणेश, नीरज, यशवंत, रामभवन पटेल और अनीश समेत ग्रामीणों ने बताया कि रात में यह स्थान और अधिक खतरनाक हो जाता है। उन्होंने नगर पंचायत से जल्द गड्ढे की भराई और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी से मोबाइल बंद होने के कारण बात नहीं हो सकी। वहीं सभासद विपिन सिंह ने बताया कि सड़क धंसने की जानकारी नगर पंचायत को है। बरसात बंद होने के बाद मरम्मत करा दी जाएगी।









