फर्रुखाबाद। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के चलते कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के पैतृक गांव पितौरा में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गांव की गलियों और सड़कों पर करीब दो से तीन फीट तक बरसात का पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बताया जा रहा है कि बारिश का पानी करीब एक सैकड़ा घरों में पहुंच गया है। वहीं कई गोदामों में पानी भरने से करोड़ों रुपये का सामान प्रभावित होने की बात सामने आई है। जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पानी निकालने के लिए प्रशासन और स्थानीय स्तर पर जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और पंप लगाए गए हैं। सूचना मिलने पर तहसीलदार, लेखपाल और नगर पालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया।
यह मामला तहसील कायमगंज क्षेत्र के पितौरा और कुबेरपुर गांव का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
लोकेशन: फर्रुखाबाद
रिपोर्टर: अमित कुमार









