महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ‘ए’ समवाय पतलावा के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की है। निचलौल थाना क्षेत्र के तिलबारी गांव के बाहर खेत के पास छिपाकर रखा गया 72 बोरा चाइनीज लहसुन बरामद किया गया है।
SSB के अनुसार, बरामद लहसुन का कुल वजन 1296 किलोग्राम है। यह खेप भारत-नेपाल सीमा के सीमा स्तंभ संख्या 497/1 से करीब 500 मीटर भारत की ओर मिली।
जानकारी के मुताबिक SSB को सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से लाया गया चाइनीज लहसुन खेत के पास छिपाकर रखा गया है और इसे पिकअप वाहन के जरिए दूसरी जगह भेजने की तैयारी है।
सूचना मिलते ही SSB टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें खेत के पास छिपाकर रखी गई लहसुन की खेप बरामद हुई।
इस कार्रवाई में सहायक कमांडेंट संदीप सिंह, निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय समेत SSB के जवान शामिल रहे।
बरामद 72 बोरा यानी 1296 किलोग्राम चाइनीज लहसुन को नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया है।









