बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ छात्राओं ने नाटक के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
कुशीनगर। शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जौरा बाजार, फाजिलनगर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, कुशीनगर के तत्वावधान में जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रीक्ट मिशन कोआर्डिनेटर नलिन सिंह ने की। उन्होंने छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही योजनाओं के लिए पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया।
जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीती सिंह ने महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, 112, 108 और 102 के उपयोग के बारे में छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
वहीं वंदना कुशवाहा ने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर चर्चा की। उन्होंने इनके दुष्प्रभावों से छात्राओं को अवगत कराते हुए बाल विवाह और दहेज के खिलाफ सजग एवं जागरूक रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट अकाउंटेंट अमन मिश्रा ने विभागीय योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट वितरित किए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्प्रभावों पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से छात्राओं ने इन सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया और उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डेन लक्ष्मी पाठक, शिक्षिकाएं रवीना सागर, रंजना गौड़, अनीता, गायत्री, कैलाशी देवी एवं दीपिका सहित विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।









